
कुशीनगर अपने पति की तलाश में निकली सीमाबेन के आंखों में तब आंसू छलक आये जब पता चला कि जिससे उसने छह वर्ष पूर्व विवाह किया था वह पहले से ही विवाहित था। पीड़िता ने तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
करवा चौथ का व्रत रख एक बच्चे को गोद में लेकर भटक रही महिला
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पुरन्दपुर गांव निवासी अवधेश पुत्र परमा भगत सात वर्ष पूर्व गुजरात के बलसाड में रोजी रोटी की तलाश में गया था। जहां उसने मन्दिर में वहीं की निवासी सीमाबेन पुत्री भरत भाई ठाकुर से प्रेम विवाह कर लिया।सीमाबेन के अनुसार उसने खुद को अविवाहित बताया था। विवाह के बाद उसके तीन बच्चे हो गए। चार माह पूर्व अचानक अवधेश उसको छोड़कर गायब हो गया।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर गांव का है मामला
परेशान सीमाबेन अपने तीनों बच्चों के साथ गुजरात के बलसाड तथा अन्य सम्भावित जगह पर तलाश की। कहीं से कोई पता नहीं चलने पर पति के आधार पर दर्ज पते के अनुसार अपने दो बच्चों को रिश्तेदार के यहां छोड़कर अवधेश की तलाश में कुशीनगर आ गयी। सीमा अपने छह माह के बेटे गोलू को गोद में लिए पैदल ही तीन दिन से पुरन्दरपुर गांव और पति का घर तलाशती रही। इस दौरान वह पडरौना से सेवरही तक पैदल गयी।
आखिरकार वह पति के गांव पुरन्दरपुर पहुंच तो गयी लेकिन वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि उसका पति पूर्व से ही विवाहित है तथा उसका दस वर्ष का बेटा भी है। अपने पति से न्याय पाने के लिए तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के डिग्री चौराहे पर शुक्रवार से एक चाय की दुकान पर रह रही महिला ने तुर्कपट्टी थाने में तहरीर दे कर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं महिला का ये भी आरोप है कि अब तक पुलिस के द्वारा कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। इस संबंध में एसएचओ तुर्कपट्टी जय प्रकाश पाठक ने बताया कि तहरीर मिली है। महिला की पूर्व में भी शादी की बात सामने आ रही है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।